
जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के सिरौली गांव में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। गड्ढे के किनारे किशोर के कपड़े मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि कमलेश गौतम का बड़ा बेटा गोविंदा गौतम शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान गड्ढे के पास उसके कपड़े दिखाई दिए। अनहोनी की आशंका में लोगों ने पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की। घंटों प्रयास के बाद गोविंदा का शव बरामद किया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले गोविंदा ने इसी गड्ढे में कुछ युवकों को नहाते देखा था। आशंका जताई जा रही है कि शनिवार को वह भी पानी में उतरा होगा और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण डूब गया। गोविंदा दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई विक्रम उर्फ कल्लू है। परिजनों के अनुसार गोविंदा की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और वह अक्सर गांव में इधर-उधर घूमता रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है। एक किशोर की मौत ने गांव को झकझोर दिया है। खुले और पानी से लबालब गड्ढे एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।





