बरदह अकबरी हत्याकांड: 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली , शव दफन होते ही परिजनों में मचा कोहराम #AzamgarhNews

SHARE:

 

संवाददाता विनय विश्वकर्मा

बरदह, आजमगढ़ बरदह गांव में अकबरी हत्याकांड के 24 घंटे गुजरने के बाद भी पुलिस हत्यारे तक नहीं पहुंच सकी है। वारदात के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं।

शुक्रवार को पुलिस की निगरानी के बीच अकबरी के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शव के घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मासूम बच्चों और परिवार के सदस्यों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

बताया गया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए सीओ लालगंज भूपेश पांडेय के नेतृत्व में पांच सदस्यीय पुलिस टीम गठित की गई है। टीम घटना से जुड़े हर संभावित पहलू को खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद मृतका के घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी इलाके में निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। इधर, 24 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश के साथ भय का माहौल बना हुआ है। परिवार जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। घटना में शामिल व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किए जाने की बात भी कही गई है।

अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि आखिर अकबरी की हत्या के पीछे कौन है और कब तक इस सनसनीखेज वारदात का राज खुल पाता है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment