आजमगढ़ : दवा लेने निकले मां-बेटे की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को रौंदा #AzamgarhNews

SHARE:

दोहरीघाट में भीषण सड़क हादसा: मौके पर ही दम तोड़ा, चालक ट्रेलर छोड़कर फरार

आजमगढ़/दोहरीघाट। शुक्रवार को रामनगर पुलिस बूथ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। आजमगढ़ दवा लेने जा रहे बाइक सवार मां-बेटे को तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बड़हलगंज क्षेत्र के बेलवादाखिली गांव निवासी 42 वर्षीय बिंदु देवी पत्नी राजकुमार अपने 16 वर्षीय बेटे सूरज यादव के साथ शुक्रवार सुबह बाइक से आजमगढ़ के लिए निकली थीं। करीब 11 बजे दोनों रामनगर पुलिस बूथ के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिरकर ट्रेलर के नीचे आ गए। ट्रेलर उन्हें कुचलते हुए कुछ दूरी तक चला गया। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को कुछ दूरी पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर दोहरीघाट पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को भी कब्जे में ले लिया है।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही बेलवादाखिली गांव से परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मां और बेटे की एक साथ मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों की ओर से ट्रेलर चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष रामायण सिंह के अनुसार मृतकों की पहचान बेलवादाखिली गांव निवासी मां-बेटे के रूप में हुई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment