जिला कार्यकारिणी और महिला प्रकोष्ठ का गठन, प्रदेश व मंडल स्तर पर भी मिली नई जिम्मेदारियां
ए के तिवारी (जौनपुर)
चंदौली। जरूरतमंद परिवारों के साथ संकट की घड़ी में खड़े होने के उद्देश्य से संचालित संकल्प सेवा कल्याण टीम (SSWT) उत्तर प्रदेश ने चंदौली में संगठन का विस्तार करते हुए नई जिला कार्यकारिणी एवं महिला प्रकोष्ठ का गठन किया। राजकीय औद्योगिक शिक्षण संस्थान में आयोजित बैठक में संस्था की योजनाओं, सदस्यता प्रक्रिया, नियमावली और पारदर्शी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।

बैठक में आकस्मिक निधन सहायता योजना और बेटी विवाह सहयोग योजना को प्रमुखता से सामने रखा गया। संस्था के अनुसार पात्र सदस्य के आकस्मिक निधन पर अन्य सदस्यों के सहयोग से करीब 50 लाख रुपये तक सामूहिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। वहीं सदस्य की बेटी के विवाह में भी करीब 5 लाख रुपये तक सहयोग उपलब्ध कराने की योजना बताई गई।

संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंद मरीजों की सहायता, गरीब विद्यार्थियों की पढ़ाई, दिव्यांग बच्चों को उपकरण, अनाथ बच्चों की मदद, वस्त्र-कंबल वितरण, पेयजल, भोजन एवं वृक्षारोपण जैसे सेवा कार्यों को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आकस्मिक निधन सहायता योजना में 270 दिन की लॉक-इन अवधि निर्धारित है। प्रदेश संगठन मंत्री संतोष कुमार यादव ने कहा कि सहायता देने से पहले आवश्यक दस्तावेज और स्थलीय सत्यापन किया जाएगा।

संस्थापक शम्स तबरेज़ खान ने कहा कि किसी भी संस्था पर भरोसा करने से पहले उसके उद्देश्यों के साथ उसे संचालित करने वालों की नीयत और जवाबदेही को समझना जरूरी है। संस्थापक दिनेश कुमार यादव ने बेटियों की शिक्षा और बाल विवाह रोकने की दिशा में भविष्य में योजनाएं विकसित करने की बात कही।

नई जिला टीम में सुरेश कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, सुजीत सिंह को महामंत्री, राजेन्द्र प्रसाद यादव को उपाध्यक्ष और सत्यनारायण को संगठन मंत्री बनाया गया। सरिता रानी को महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। आकांक्षा गुप्ता को पश्चिमी उत्तर प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।






