ए के तिवारी
जौनपुर। प्रतिभा को प्रोत्साहन और मेधावी विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने की दिशा में सद्भावना क्लब, जौनपुर ने रविवार को एक शानदार पहल की। रज़ा डी.एम. (शिया) इंटर कॉलेज, मंडी नसीब खाँ में क्लब की ओर से 31वां मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 165 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्या ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद रिया और सुप्रिया ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का बुके एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में डॉ. अलमदार नज़र ने सद्भावना क्लब की स्थापना, उसके उद्देश्यों तथा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि ए.ए. जाफरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल कॉलेज जौनपुर तथा सैयद नजमुल हसन ‘नजमी’ ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
🌟 सम्मान पाकर खिले मेधावियों के चेहरे
सम्मान समारोह के दौरान 165 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मंच से सम्मान मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। अभिभावकों के लिए भी यह पल गर्व और खुशी से भरा रहा।

समारोह में क्लब के पूर्व अध्यक्ष लालजी यादव, श्रावण साहू, नरसिंह अवतार जायसवाल, मधुसूदन बैंकर, आशीष साहू, निवर्तमान अध्यक्ष मो. रज़ा खान, कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, संतोष अग्रहरि, विकास अग्रहरि, एडवोकेट रविकांत जायसवाल, अखिलेश अग्रहरि, संतोष अग्रहरि फार्मेसी, धीराज गुप्ता, सैयद फरोग अहमद, शाहबाज़ खान, चंद्रेश मौर्या, दिनेश कुमार यादव, अभिनंदन त्रिपाठी, सूरज मौर्या, लोकेश जावा, प्रीतेश गुप्ता, श्रीमती आदर्श वर्मा, अंजली बाला, प्रतिमा यादव, गुंजा त्रिपाठी, नागेंद्र यादव (राज कॉलेज), रेनू बैंकर सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
क्लब के संयोजक ताहिर क़ादरी सोनू समेत अन्य सदस्यों की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन क्लब के पूर्व अध्यक्ष हफ़ीज़ शाह ने किया। अंत में सचिव हर्ष माहेश्वरी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।

सद्भावना क्लब का यह आयोजन सिर्फ सम्मान समारोह नहीं, बल्कि जिले की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का हौसला देने वाला प्रेरणादायी मंच बनकर सामने आया।





