जौनपुर : कोतवाली चौराहे पर रो रही 4 साल की बच्ची को पुलिस ने परिवार से मिलाया

SHARE:

ऑपरेशन मुस्कान के तहत मिशन शक्ति टीम की त्वरित कार्रवाई, कुछ ही समय में परिजनों तक पहुंची मासूम

ए के तिवारी जौनपुर। शहर के कोतवाली चौराहे पर रविवार शाम उस समय लोगों का ध्यान एक मासूम बच्ची की ओर गया, जब करीब चार साल की बच्ची अपने परिजनों की तलाश में रो रही थी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस की मिशन शक्ति टीम सक्रिय हुई और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

पुलिस टीम ने बच्ची से मिली जानकारी के आधार पर आसपास के इलाके में पूछताछ शुरू की। साथ ही बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना भी प्रसारित कराई गई।

लगातार प्रयास के बाद पुलिस को बच्ची के परिजनों का पता चल गया। परिजन राधिका मिश्रा पत्नी अवधेश मिश्रा, निवासी बीबीपुर, पोस्ट सादनपुर, थाना बक्शा, जौनपुर के रूप में सामने आए। बताया गया कि वे बाजार में किसी कार्य से आए थे और इसी दौरान बच्ची उनसे अलग हो गई थी।

पहचान की पुष्टि के बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम के सकुशल मिल जाने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान (SMILE) अभियान के तहत बच्चों की सुरक्षा और बिछड़े बच्चों को उनके परिवार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस द्वारा की गई।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment