जौनपुर : वाहन चोरी गिरोह पर नेवढ़िया पुलिस का शिकंजा

SHARE:

दो शातिर गिरफ्तार, चोरी की 2 बाइक-स्कूटी और इंजन बरामद

जौनपुर। नेवढ़िया थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक चोरी की बाइक का इंजन बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं की निगरानी में थानाध्यक्ष निखिलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 7 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर सीतमसराय नई पुल के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कुमार उर्फ गोलू, निवासी आशापुर थाना जलालपुर और विनोद ठठेरा, निवासी पुरेव थाना जलालपुर के रूप में हुई है।

सीतमसराय बाजार से बाइक चोरी के बाद शुरू हुई जांच

मामला 5 सितंबर का है। जीतापुर उसरांव निवासी धनंजय राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पुत्र की अपाची मोटरसाइकिल संख्या UP 62 AW 8327 सीतमसराय बाजार में दिनेश सेठ की दुकान के पास खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर नेवढ़िया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही/कब्जे से चोरी के वाहन बरामद किए।

पुराने मुकदमों की भी पुलिस कर रही पड़ताल

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उनके खिलाफ नेवढ़िया और जलालपुर थानों में चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है। बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिवभंजन प्रसाद, उपनिरीक्षक घनश्याम सिंह, हेड कांस्टेबल गुलाबचंद यादव, सुशील कुमार पांडेय, दीनानाथ भाष्कर, तथा आरक्षी विवेक कुमार, शैलेंद्र कुमार और सन्नी प्रताप गौतम शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिलने का दावा किया गया है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment