एसडीएम ने श्रीकान्हा गौ आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, गौवंशों को खिलाया केला-गुड़
लालगंज (आजमगढ़) नगर पंचायत स्थित श्रीकान्हा गौ आश्रय स्थल दयाराम बाबा शिव मंदिर परिसर का गुरुवार को उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गौवंशों को अपने हाथों से केला और गुड़ खिलाया और उनकी देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने अधिशासी अधिकारी विनयशंकर अवस्थी को निर्देश दिया कि गौशाला में साफ-सफाई, भूसा, पानी और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गौवंशों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के लिए पशु चिकित्सक डाक्टर दिलीप कुमार सिंह को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मौजूद अशोक सोनकर ने एसडीएम से शिकायत की कि मंदिर के पीछे लगाई गई रिसाइकिलिंग मशीन दो वर्ष से बंद पड़ी है। यदि मशीन चालू होती तो मंदिर के समीप इतना कचरा जमा नहीं होता। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष रामजनम सेठ ने शिकायत किया कि डीहबाबा मंदिर के समीप गौशाला में मरे हुए पशुओं का अंतिम संस्कार किया जाता है, जिससे मंदिर में पूजा और कड़ाही चढ़ाने आने वाली महिलाओं को काफी परेशानी होती है। उन्होंने अस्थायी श्रीकान्हा गौ आश्रय स्थल को स्थायी गौशाला बनाने और अंतिम संस्कार स्थल को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की। इस अवसर पर उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर दिलीप कुमार सिंह, सफाई नायक चंद्रमणि यादव, रजनीश जायसवाल, गौसेवा संघ अध्यक्ष प्रवीण मिश्रा, गौसेवा संघ जिलाध्यक्ष धर्मराज सिंह, रामअवतार बरनवाल, गणेश जायसवाल, शैलेंद्र शुक्ला, तारकेश्वर शुक्ला, प्रकाशचंद्र ठठेरा, गौ सेवा संघ मंत्री इंद्रेश मिश्रा,अंकुर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




