वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फैंसी कार केयर का शुभारंभ महंत बृजमोहन दास ने किया उद्घाटन, बोले- जाति-पाति से ऊपर उठकर एकजुट रहें।
लालगंज (आजमगढ़) मिर्जा आदमपुर लालगंज में फैंसी कार केयर का शुभारंभ शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ किया गया। अयोध्या के दशरथ गद्दी पीठाधीश्वर परम पूज्य महंत श्री बृजमोहन दास जी एवं अयोध्या के प्रहलाद घाट स्थित श्री श्री 108 मौनी बाबा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान के बीच प्रतिष्ठान के संचालक एवं उपस्थित लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।उद्घाटन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में महंत श्री बृजमोहन दास ने देश में जातिगत आधार पर हो रही बयानबाजी और सामाजिक विभाजन पर चिंता जताई। प्रसिद्ध कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री की ओर से अपनी कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा कहे जाने के बाद यदुवंशी समाज की नाराजगी और राजा भैया की ओर से 17 नवंबर से आयोजित रामकथा के विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत में जन्म लेने वाले हम सभी सनातनी हैं। हमें जाति-पाति के बंधनों में बंटने के बजाय एकजुट होकर रहना चाहिए। कुछ लोग समाज को जातियों में बांटने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ऐसे प्रयासों से ऊपर उठकर सभी को आपसी भाईचारे और एकता के साथ रहना चाहिए। भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने की मांग के संबंध में पूछे गए सवाल पर महंत ने कहा कि संविधान में संशोधन कर भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेशों में जब भारत का कोई व्यक्ति जाता है तो उसे भारतीय होने के साथ हिंदू के रूप में भी पहचाना जाता है। ऐसे में भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत बृजमोहन दास ने कहा कि अखिलेश यादव को सरयू में स्नान कर भगवान श्रीराम से क्षमा याचना करने के बाद रामलला के दर्शन करने चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में अयोध्या में कारसेवकों पर गोली चलवाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने स्वयं इस घटना को स्वीकार किया था। ऐसे में अखिलेश यादव को अपने पिता के उस फैसले के लिए प्रायश्चित करते हुए भगवान श्रीराम से क्षमा मांगनी चाहिए। इसी में उनका कल्याण है।कार्यक्रम में घनश्याम राय, अमित कुमार श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, श्याम कन्हैया श्रीवास्तव, नवीन श्रीवास्तव, संतोष कुमार जायसवाल, श्यामा सिंह (पूर्व प्रधान), अरविंद श्रीवास्तव, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, अविनाश उर्फ रिंकू राय, प्रमोद दुबे, अखिलेश राय, लालगंज चौकी प्रभारी रविन्द्र नाथ पाण्डेय तथा कांस्टेबल अवधेश कुमार कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





