बरसठी जौनपुर : दिनदहाड़े युवक पर जानलेवा हमला, उपचार के दौरान मौत

SHARE:

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक 25 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जमुनीपुर गांव निवासी शुभम शुक्ला (पुत्र राजेश शुक्ला) रविवार पूर्वाह्न लगभग 10 बजे घर से निकला था। बताया जाता है कि वह गांव के प्राथमिक विद्यालय की दिशा में गया था। इसी दौरान मगरमऊ रोड पर कुछ लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच प्रारंभ कर दी है।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि एक दिन पहले गांव की ही एक महिला उनके घर आई थी और बेटे को जान से मरवाने की धमकी दी थी। इस आरोप के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया गया है।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment