जौनपुर : स्पीड पोस्ट का ‘स्पीड’ फेल ! डाक विभाग की लापरवाही से छात्र की बीएससी परीक्षा छूटी

SHARE:

ए के तिवारी 
जौनपुर। डाक विभाग की कथित लापरवाही ने एक छात्र का पूरा शैक्षणिक वर्ष दांव पर लगा दिया। जलालपुर क्षेत्र के ग्राम पोस्ट नेवादा निवासी यस कुमार सिंह (पुत्र भूपेंद्र कुमार सिंह) को बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन समय पर एडमिट कार्ड न मिलने के कारण वह परीक्षा से वंचित रह गया।

बताया जा रहा है कि एडमिट कार्ड स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया था। ऑनलाइन ट्रैकिंग में 10 जनवरी 2026 को डिलीवरी दर्शाई गई, जबकि हकीकत में छात्र को डाक 22 फरवरी 2026 को पोस्टमैन द्वारा सौंपी गई। गौरतलब है कि बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा 19 जनवरी 2026 को लखनऊ में आयोजित थी। एडमिट कार्ड समय से न मिलने के कारण छात्र परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सका।

 

छात्र ने इस मामले में डाक विभाग में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी शिकायत संख्या 2683575650 बताई गई है। आरोप है कि विभाग ने बिना स्पष्ट कारण बताए शिकायत को बंद कर दिया। इस घटना से छात्र और उसके परिजनों में भारी रोष है। उनका कहना है कि एक विभागीय लापरवाही ने छात्र के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर दिया। अब छात्र ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Amit Tiwari
Author: Amit Tiwari

Leave a Comment