आजमगढ़ : लालगंज में सड़कों पर कब्जे का नया खेल! दुकानों के आगे टेंट-सामान ने बढ़ाई मुसीबत

SHARE:

पत्रकार संजय गुप्ता

लालगंज (आजमगढ़)। नगर में अतिक्रमण का दायरा अब धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। दुकानों के सामने टिनशेड, झाप, कुर्सी-बेंच और सामान रखने की पुरानी प्रवृत्ति के बीच अब सड़क किनारे टेंट लगाकर जगह घेरने का नया चलन भी सामने आने लगा है। जिम्मेदार विभागों की प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से इस तरह के अतिक्रमण को बढ़ावा मिलने की आशंका है।

नगर के मध्य बाजार में एक व्यापारी द्वारा अपनी दुकान के सामने सजावट से संबंधित टेंट लगाया गया है, जो करीब दस दिनों से सड़क के हिस्से को घेरे हुए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह के अतिक्रमण पर समय रहते रोक नहीं लगी तो दूसरे दुकानदार भी इसकी देखा-देखी सड़क के हिस्से का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं।

पहले से ही दुकानों के सामने विभिन्न सामान रखे जाने के कारण बाजार की आवाजाही प्रभावित होती है। ऐसे में सड़क किनारे टेंट लगने की शुरुआत ने यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत और लोक निर्माण विभाग की ओर से अतिक्रमण करने वालों को प्रभावी चेतावनी या अभियान चलाकर हटाने की कार्रवाई नजर नहीं आती। खास बात यह है कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी प्रतिदिन बाजार से गुजरते हैं, लेकिन सड़क घेरकर किए जा रहे इस नए तरह के अतिक्रमण पर अब तक प्रभावी हस्तक्षेप नहीं दिखा है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में बाजार की सड़कें और संकरी होंगी और इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, राहगीरों तथा आम नागरिकों पर पड़ेगा।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई