जौनपुर स्कूल वैन दुर्घटना : बस की टक्कर से स्कूल वैन खाई में गिरी, 7 बच्चे घायल; 3 को जिला अस्पताल रेफर #AzamgarhNews

SHARE:

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों से भरी वैन हादसे का शिकार हो गई। उकनी गांव के पास सामने से आ रही एक प्राइवेट बस की टक्कर के बाद वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ बच्चे वैन की खिड़की से बाहर जा गिरे, जिसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया।

बताया गया कि वैन में कुल 9 बच्चे सवार थे, जिनमें 7 घायल हो गए। घायलों में सिद्धार्थ यादव, आदित्य यादव, आर्यन यादव, आकाश तिवारी, शिवम तिवारी, प्रभाष यादव और अनिरुद्ध यादव शामिल हैं। इनमें सिद्धार्थ, आदित्य और अनिरुद्ध की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाकी बच्चों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मधुपुर बाजार स्थित डीआरएम पब्लिक स्कूल की वैन सुबह बच्चों को लेने जखनिया गांव पहुंची थी। नौ बच्चों को लेकर वैन स्कूल की ओर लौट रही थी। इसी दौरान सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास एक प्राइवेट बस के ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

 

हादसे में सिद्धार्थ और आदित्य वैन से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे वाली बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

जांच में सामने आई स्कूल वैन की बड़ी लापरवाही

घटना के करीब चार घंटे बाद सुजानगंज की खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. किरण पांडेय स्कूल पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। परिवहन विभाग के PTO प्रमोद कुमार के अनुसार, जांच के दौरान स्कूल वैन के जरूरी दस्तावेज वैध नहीं मिले। वैन का इंश्योरेंस और फिटनेस भी नहीं था। वाहन का पंजीकरण आजमगढ़ जिले का बताया गया है।हादसे के बाद टक्कर मारने वाली प्राइवेट बस को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले में संबंधित विभागों की जांच जारी है।

 

डीएम ने बताया, तीनों बच्चे खतरे से बाहर

जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन ने बताया कि सभी घायल बच्चों को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। तीन बच्चों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया था। हालांकि, फिलहाल तीनों बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।हादसे ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा और उनके दस्तावेजों की जांच को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment