विवेक त्रिपाठी खुटहन
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से धरना दे रहे एंबुलेंस कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के हस्तक्षेप के बाद सेवा प्रदाता संस्था को निष्कासित कर्मचारियों की बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आदेश की जानकारी मिलते ही आंदोलनरत कर्मचारियों में खुशी का माहौल बन गया।

बहाली के फैसले के बाद ईको गार्डन में कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए “स्वास्थ्य मंत्री जिंदाबाद” और “बृजेश पाठक जिंदाबाद” के नारे लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर सुनवाई करते हुए कार्रवाई किए जाने से उन्हें राहत मिली है।

बताया गया कि स्वास्थ्य मंत्री ने एंबुलेंस सेवा प्रदाता संस्था को निष्कासित कर्मचारियों की तत्काल बहाली के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कर्मचारियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो और प्रदेश में एंबुलेंस सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।

बहाली के आदेश के बाद कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर आभार जताया। इसके साथ ही संघ ने धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की। कर्मचारियों के जल्द अपने कार्य पर लौटने की बात कही गई।

आंदोलन में जौनपुर से भी कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रदेश अध्यक्ष शरद यादव, कोषाध्यक्ष सुशील पांडेय, हनुमान पांडेय, महामंत्री नीतीश यादव, दीपक सिंह चौहान, शिराजे हिंद की जमीं जौनपुर से पहुंचे विवेक कुमार त्रिपाठी सहित अन्य साथियों की मौजूदगी रही। आंदोलन की समाप्ति के बाद सभी ने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार जताया।





