जौनपुर : 26 वर्षों से दीपापुर में गूंज रही मां दुर्गा की महिमा, भव्य पंडाल में उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब

SHARE:

जय मां दुर्गा पूजा समिति की भव्य झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, ‘मेरा गांव मेरा देश’ समूह के सौजन्य से संगीतमय आरती में भक्तिमय हो रहा वातावरण

 

जौनपुर। शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा की भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र की तरती न्याय पंचायत स्थित दीपापुर गांव में देखने को मिल रहा है। यहां जय मां दुर्गा पूजा समिति पिछले 26 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर भव्य पंडाल सजाने की परंपरा निभाती आ रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक सजावट और देवी-देवताओं की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई है।

पंडाल में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के साथ मां सरस्वती, मां लक्ष्मी, भगवान कार्तिकेय और भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। संध्या होते ही आरती, भक्ति गीतों और संगीत की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। ‘मेरा गांव मेरा देश’ समूह के सौजन्य से आयोजित आरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मां के जयकारों और आरती की गूंज के बीच भक्त अपनी श्रद्धा अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हैं। इस भव्य आयोजन की खास बात यह है कि गांव के युवा अपनी मेहनत, लगन और सामूहिक सहयोग से पंडाल को सजाने-संवारने से लेकर झांकी तैयार करने तक की जिम्मेदारी निभाते हैं। दीपापुर की यह झांकी तरती न्याय पंचायत ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए पंडाल के सामने महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बच्चों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए समूह के सदस्य सादे कपड़ों में आसपास निगरानी रखते हैं, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे। 26 वर्षों की यह परंपरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि गांव की एकजुटता, युवा शक्ति और मां दुर्गा के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बन चुकी है। ग्राम प्रधान उमेश दुबे, राकेश दुबे, आनंद कुमार मिश्र, पंकज कुमार मिश्र, अंशु दुबे, प्रदीप तिवारी, शैलेश दुबे, हर्ष मिश्र, रविंद्र तिवारी, पवन पांडेय, दीपक मिश्र, किशन, आदर्श , आंसू , प्रिन्स, कौशलेंद्र दुबे, धनंजय दुबे, घनश्याम मिश्रा, राधेश्याम मिश्र, विनय मिश्र, कमलेश पांडेय, प्रशांत, अभिशांत, कुलदीप, विकास मिश्रा, ऋषभ, शानू  तरुण, इंदल, लालू ,सोनू ,विशाल सहित समिति के सदस्यों, युवाओं और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ रहा है।मां के दरबार में गूंजते जयकारे और श्रद्धालुओं की उमड़ती आस्था दीपापुर को इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर रही है।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई