जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में नगर पालिका परिषद के पास मंगलवार को मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान डांस करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
घायल की पहचान कालीकुत्ती निवासी राजेश बिंद उर्फ हीरा के रूप में बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन जुलूस में लोग नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान डांस करने को लेकर हीरा का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
जुलूस के दौरान हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हमले के पीछे की वजह और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





