जौनपुर: 39 साल की विकास यात्रा पर पीयू में गूंजा नया संकल्प, कुलपति बोले—सामूहिक प्रयास से नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा विश्वविद्यालय

SHARE:

ए के तिवारी

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के 39वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में उत्सव और गौरव का माहौल देखने को मिला। समारोह की शुरुआत महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री और विश्वविद्यालय के संस्थापक वीर बहादुर सिंह की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर की गई।

समारोह में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत किया और कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह का ऑनलाइन संदेश प्रस्तुत किया। अपने संदेश में कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने 39 वर्षों में जो मुकाम हासिल किया है, वह शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक परिश्रम एवं सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इसी एकजुटता के साथ आगे बढ़ते हुए विश्वविद्यालय को विकास और उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।

कुलपति ने विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध, नवाचार, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सेवा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा जैसे आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही अध्ययन के साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास तथा राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने गांधी और शास्त्री के जीवन संघर्ष तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ आचार्य प्रो. मानस पांडेय ने विश्वविद्यालय की अब तक की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध रहने की सीख दी।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी राज नारायण सिंह और उनकी टीम ने रामधुन की प्रस्तुति दी। वहीं एनसीसी कैडेट्स की साइकिल यात्रा ने समारोह में खास आकर्षण जोड़ा। यात्रा के माध्यम से स्वच्छता, अनुशासन, स्वस्थ जीवन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।

समारोह के समापन पर मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Azamgarh News
Author: Azamgarh News

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई